Home State एनडीए के लिए कुछ ठीक-ठाक नहीं

एनडीए के लिए कुछ ठीक-ठाक नहीं

78
0

बिहार। भाजपा की नेतृत्व वाली एनडीए के लिए सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। कुछ दिन पहले नीतीश कुमार एनडीए से अलग होकर महागठबंधन के साथ सरकार बना चुके हैं। तो वहीं अब कई ऐसे सांसद हैं जो अपना पाला भी बदल सकते हैं। खबरों के मुताबिक 2019 के चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले तीन सांसद जदयू में शामिल हो सकते हैं। यह तीनों सांसद केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस के गुट के बताए जा रहे हैं। खबर के मुताबिक खगड़िया के सांसद महबूब अली कैसर, वैशाली से सांसद वीणा देवी और साथ ही साथ नवादा से चंदन सिंह जदयू में शामिल हो सकते हैं। खबरों के मुताबिक जदयू आलाकमान से तीनों नेताओं की मुलाकात हो चुकी है। वर्तमान में देखें तो जदयू के 16 सांसद हैं। अगर यह जदयू में शामिल होते हैं तो उसके सांसदों की संख्या 19 हो सकती है।

आपको बता दें कि रामविलास पासवान के निधन के बाद से लोक जनशक्ति पार्टी दो गुटों में बंट गई थी। एक ओर पशुपति पारस का गुट था तो दूसरी ओर चिराग पासवान का। चिराग पासवान जहां अपने गुट में अकेले थे तो वही पारस के साथ पांच सांसद थे। अगर ऐसा होता है तो भाजपा के अलावा एनडीए में जो तीन सांसद बचेंगे, वह रामविलास पासवान के ही परिवार से होंगे। इसमें चिराग पासवान, हाजीपुर से सांसद पशुपति पारस और समस्तीपुर से सांसद प्रिंस शामिल होंगे। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही नीतीश कुमार एनडीए गठबंधन से अलग हो गए थे। उन्होंने भाजपा पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया था। इसके बाद नीतीश कुमार राजद और कांग्रेस के महागठबंधन में शामिल हो गए थे।

नीतीश कुमार को महागठबंधन का नेता चुना गया था। उसके बाद नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके साथ तेजस्वी यादव ने भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2024 के लिहाज से नीतीश कुमार का यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खबर के मुताबिक नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद की रेस में भी शामिल हो सकते हैं। दूसरी ओर बिहार में अभी मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक 16 अगस्त तक मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार में जदयू और राजद के कोटे से 16-16 मंत्री होंगे जबकि कांग्रेस से चार और जीतन राम मांझी की पार्टी से एक विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है।

Previous articleस्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी साजिश नाकाम, बरामद किए 2 हजार कारतूस, 6 गिरफ्तार
Next articleहत्या का आरोप छैल सिंह गिरफ्तार