
गुरुग्राम। सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड और सिविल सर्जन की ओर से गठित टीम ने संयुक्त रूप से सेक्टर-40 में अवैध रूप से चल रहे एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा। गुप्त सूचना के आधार पर कई दिन रेकी करने के बाद टीम ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे यह कार्रवाई की। यहां से मशीन को जब्त कर एक केयरटेकर को पुलिस को सौंप दिया गया।
रात 2 बजे से सुबह के 4 बजे तक खुलता
सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड के डीसीपी जितेंद्र गहलावत ने बताया कि उन्हें करीब 7-8 महीने पहले सूचना मिली थी कि सेक्टर-40 के मार्केट में एक अल्ट्रासाउंड सेंटर चल रहा है। जोकि दिन में बंद रहता है। देर रात 2 बजे से सुबह के 4 बजे तक खुलता है। टीम तभी से इस सेंटर की रेकी कर रही है। सेंटर अमूमन दिन में बंद मिला। शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि आज यह सेंटर खुला है। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। मौके से एक अल्ट्रासाउंड मशीन को बरामद किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मशीन की वैधता
सिविल सर्जन की ओर से गठित टीम ने यहां मिले उपकरणों से अंदाजा लगाया कि यहां अवैध रूप से लिंग जांच भी की जा रही होगी। मौके से कुछ विजिटिंग कार्ड और मोनिका गुप्ता नाम की नेम प्लेट भी बरामद की। डिस्ट्रिक्ट ड्रग कंट्रोलर अमनदीप चौहान ने बताया कि इस अल्ट्रासाउंड मशीन को साल 2014 में अवैध गतिविधियों के चलते जब्त किया गया था, जिसे साल 2017 में डी-सील किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मशीन की वैधता साल 2018 तक ही थी। टीम ने मनोज पाण्डेय को गिरफ्तार किया। जबकि निश्चल पाण्डेय अभी फरार है।