Home International पाक मंत्री फवाद को पीओके निवासी ने बताया मूर्ख

पाक मंत्री फवाद को पीओके निवासी ने बताया मूर्ख

801
0

इंटरनैशनल डेस्क। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के आरिफ आजाकिया ने सोमवार को पाक सरकार के मंत्रियों को जमकर खरी-खोटी सुनाईं। आजाकिया ने इमरान सरकार में विज्ञान मंत्री फवाद चौधरी को मूर्ख बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आज भी रिक्शा और साइकिल से बाहर नहीं आ रहा, जबकि दुनिया मेट्रो में सवारी कर रही है। दुनियाभर में पाक सिर्फ मजाक बनकर रह गया। यहां के मंत्री सिर्फ चंद्रयान-2 और कश्मीर की बात करते हैं।

फवाद चौधरी आप विज्ञान मंत्री हो, रिक्शा और साइकिल से आओ बाहर
आरिफ आजाकिया एक समाजसेवी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘फवाद चौधरी आप विज्ञान मंत्री हो, रिक्शा और साइकिल से बाहर आओ। अपने देश के भविष्य के बारे में सोचो। इस समय जब दुनियाभर में मेट्रो चल रही, आप रिक्शा में हैं। यही आपकी औकात है।’’ चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम का 7 सितंबर को संपर्क टूटने पर चौधरी ने भारत का मजाक उड़ाते हुए ट्वीट किए थे। जिसका पाकिस्तान के लोगों ने ही विरोध किया था।

पाकिस्तान को बना दिया है मजाक – आजाकिया
आजाकिया ने कहा, ‘‘आप दूसरों को उपदेश देते हो, लेकिन आपने इस देश (पाक) को मजाक बना दिया है। हम जहां भी जाते हैं, लोग हमारा मजाक उड़ाते हैं। लेकिन आप कश्मीर और चंद्रयान-2 के लिए ज्यादा चिंतित हैं। चंद्रयान-2 भारत का ऐतिहासिक मिशन है। नासा ने भी इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह भारत की एक बड़ी उपलब्धि है। सिर्फ आप ही चाहते हैं कि यह असफल हो। फवाद चौधरी, शेख राशिद आप कर क्या रहे हैं?’’

‘आईसीयू में है पाक की अर्थव्यवस्था ’
पाक सेना प्रवक्ता जनरल आसिफ गफूर को खरी-खोटी सुनाते हुए आजाकिया ने कहा, ‘‘आपने कहा कि आप पाक की अर्थव्यवस्था संभाल सकते हैं। आप ही हैं, जो इसे आईसीयू में लाए, अब इसे अकेला छोड़ दें। क्वेटा में पिछले हफ्ते दो बम धमाके हुए। श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान आने से इनकार कर दिया है। आपका काम पाक में कानून व्यवस्था बहाल करना है, जो पूरी तरह से खत्म हो चुकी है।’’

Previous article32 साल की उम्र में 81 साल का भेष, पकड़ा गया एयरपोर्ट पर
Next articleभारत-नेपाल ऑयल पाइपलाइन प्रॉजेक्ट का उद्घाटन