Home State भाजपा सरकार को जनता की तकलीफ की जरा भी परवाह नहीं है:...

भाजपा सरकार को जनता की तकलीफ की जरा भी परवाह नहीं है: अखिलेश

140
0

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकारों पर जनता की परेशानियां बढ़ाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि उन्हें जनता की तकलीफों की जरा भी परवाह नहीं है। यादव ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर जिलों से आए पार्टी कार्यकताओं और पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की खराब नीतियों की वजह से जनता की परेशानियों में बढ़ोतरी हुई है लेकिन सरकार को इसकी रत्ती भर परवाह नहीं है।

भाजपा सरकार की नीतियों को सारी समस्याओं की जड़ करार देते हुए उन्होंने कहा कि वह चकाचौंध की राजनीति से जनता को धोखा दे रही है तथा संविधान और लोकतंत्र को कमजोर कर रही है लेकिन समाजवादी पार्टी एकजुट होकर पूरी ताकत से संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्षरत है। सपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि भाजपा समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को बदनाम करने की रणनीति पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी की जा रही है और डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है। भाजपा की चालाकियों से जनता को गुमराह होने से बचाना होगा।’’ यादव ने कहा कि अब जमीन पर चुनाव की लड़ाई लड़नी है। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी की स्वीकार्यता जनता में है। इसलिए संगठन को और चुस्त-दुरूस्त बनाना है तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के सीधे सम्पर्क में रहने एवं उनके सुख-दुःख में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के काम में तेजी लाना होगा।

Previous articleशिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 दिशा और दशा
Next articleअंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया